नवरात्र के बीच भारी बारिश का कहर, कई राज्यों में अलर्ट जारी, पूजा पर पड़ेगा असर

नवरात्र के उत्सव के बीच देशभर में दुर्गा पूजा की धूम है, लेकिन कई राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम सहित अन्य राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। दुर्गा पूजा के बीच बारिश के इस खतरे से श्रद्धालुओं की तैयारियों पर असर पड़ सकता है।
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव, बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में एक कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिससे पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। कुछ जगहों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। इससे दुर्गा पूजा के आयोजन पर असर पड़ने की आशंका है।

झारखंड में भी बारिश का अलर्ट, दुर्गा पूजा पर पड़ेगा असर
झारखंड में भी दुर्गा पूजा के दौरान बारिश की संभावना जताई गई है। 5 और 6 अक्टूबर को झारखंड के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, साथ ही गरज और वज्रपात का खतरा भी है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, विशेषकर रांची में गरज के साथ बारिश हो सकती है।
बिहार में भी जारी रहेगी बारिश, पूजा के दौरान बिगड़ेगा मौसम
दुर्गा पूजा के दौरान बिहार में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इस साल बिहार में मानसून की विदाई देर से हो रही है, जिससे 15 अक्टूबर तक बारिश की स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है, जिससे दुर्गा पूजा के आयोजनों पर असर पड़ सकता है।