विधायक कल्पना सोरेन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायकों संग मनाया अपना जन्मदिन

झारखंड मुक्ति मोर्चा की विधायक और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने अपना 40वां जन्मदिन विधायकों के साथ हर्षोल्लास से मनाया। विधानसभा के बजट सत्र के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायकों के साथ मिलकर केक काटा और सभी को शुभकामनाएं देने के लिए आभार व्यक्त किया।
इस बार का जन्मदिन कल्पना सोरेन के लिए विशेष था क्योंकि पिछले वर्ष उन्होंने यह उत्सव नहीं मनाया था। 2024 में जब उनका जन्मदिन आया था, उस दौरान हेमंत सोरेन जेल में थे और पूरे परिवार के लिए यह कठिन समय था। लेकिन इस साल न केवल हेमंत सोरेन रिहा होकर सत्ता में वापस लौटे, बल्कि उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता से इतिहास रच दिया।

इसके अलावा, विधायक बनने के बाद यह उनका पहला जन्मदिन था, जिसे खास बनाने के लिए विधानसभा परिसर के मुख्यमंत्री कक्ष में जश्न मनाया गया। इस मौके पर मंत्री सुदिव्य सोनू, दीपिका पांडेय सिंह, इरफान अंसारी, हफीजुल हसन अंसारी, संजय प्रसाद यादव समेत कई विधायकों ने उपस्थिति दर्ज कराई। साथ ही मथुरा महतो, हेमलाल मुर्मू, लुईस मरांडी, ममता देवी, अमित महतो, एमटी राजा, राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगाड़ी भी इस खास अवसर पर मौजूद रहे।