सहारा इंडिया के अफसरों पर झारखंड पुलिस की सख्ती, कोर्ट से वारंट लेने की तैयारी

झारखंड पुलिस सहारा इंडिया के शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई को तेज करने जा रही है। राज्य के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने रांची स्थित पुलिस मुख्यालय में सीआईडी द्वारा सहारा इंडिया पर दर्ज मामलों की समीक्षा बैठक की। इस बैठक में तय किया गया कि संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया जाएगा।
राज्य में सहारा इंडिया में निवेश करने वालों की संख्या 30 हजार से ज्यादा बताई जा रही है, जिन्होंने लगभग 40 हजार करोड़ रुपये लगाए थे। अब झारखंड सरकार यह जांच करवाएगी कि इन पैसों का इस्तेमाल कहां-कहां और कैसे किया गया। इसके लिए एक विशेष जांच आयोग गठित करने की स्वीकृति दे दी गई है।

इन लोगों पर लगे हैं आरोप
विश्व भारती जनसेवा संस्थान की ओर से सहारा इंडिया के खिलाफ दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कई बड़े नाम सामने आए हैं। इनमें सहारा प्रमुख सुब्रत राय की पत्नी सपना राय, कंपनी के निदेशक व डिप्टी डायरेक्टर ओमप्रकाश उर्फ ओपी श्रीवास्तव, झारखंड से सोसाइटी डायरेक्टर नीरज कुमार पाल और रांची जोन के प्रमुख संजीव कुमार प्रमुख अभियुक्त बनाए गए हैं। बताते चलें कि, झारखंड की निचली अदालत ने नीरज कुमार पाल और संजीव कुमार की अग्रिम जमानत याचिका पहले ही खारिज कर दी है।