Movie prime

गांडेय विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक कल्पना सोरेन आज ग्रहण करेंगी विधानसभा की सदस्यता

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन आज झारखंड विधानसभा की सदस्यता ग्रहण करेंगी। गांडेय विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक कल्पना सोरेन को आज शाम 5 बजे झारखंड विधानसभा के स्पीकर रवींद्र नाथ महतो, गांडेय विधायक के रुप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलायेंगे। इस दौरान झामुमो और महागठबंधन के कई दिग्गज नेता अपनी उपस्थिति दर्ज करायेंगे। विदित हो कि गांडेय उपचुनाव में कल्पना सोरेन ने भारी मतों से जीत दर्ज की थी। 

पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन के गांडेय विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल करने के बाद से ही, राजनीतिक गलियारों में तरह तरह की अटकलें लगायी जा रहीं हैं। कल्पना सोरेन के विधायक बनने के बाद राज्य के नेतृत्व में परिवर्तन से लेकर मंत्री बनने तक के कयास लगाये जा रहे हैं। वर्तमान में इस समय झारखंड सरकार में मंत्री का एक पद खाली हो गया है, ऐसे में माना जा रहा है कि राज्य के नेतृत्व में अगर कोई बदलाव नहीं होता है तो कल्पना सोरेन को मंत्री बनाया जा सकता है। 

बताते चलें कि, हाल ही में टेंडर कमीशन घोटाला मामले में जेल में बंद कांग्रेस कोटे के मंत्री आलमगीर आलम से राज्य सरकार ने उनके सभी विभाग वापस ले लिए है मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने उनके विभाग अपने पास ले रखा है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि चंपाई सरकार शीघ्र ही मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महगामा से विधायक दीपिका सिंह पांडेय का नाम मंत्री बनने के रेस में सबसे आगे चल रहा है।