अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर झारखंड सरकार का तोहफा, पर्यटन स्थलों में महिलाओं के लिए फ्री एंट्री

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2025 के अवसर पर झारखंड पर्यटन विभाग ने राज्य की महिलाओं को विशेष सौगात देने का फैसला किया है। 8 मार्च को झारखंड के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों, राष्ट्रीय उद्यानों, झरनों और खासतौर पर पतरातू लेक 'पार्क' में महिलाओं को निशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। इस संबंध में झारखंड पर्यटन विकास निगम (जीटीडीसी) के प्रबंध निदेशक ने राज्य के सभी झीलों, रिसॉर्ट्स और जलप्रपात के प्रबंधन को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
यह पहल महिलाओं को झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से की गई है। पर्यटन विभाग का मानना है कि महिलाएं अपनी व्यस्त दिनचर्या से कुछ पल निकालकर प्रकृति के बीच सुकून के क्षण बिता सकें और जीवन के तनाव से राहत पा सकें।
गौरतलब है कि हर साल 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य समाज में महिलाओं के योगदान को सम्मान देना और लैंगिक समानता की दिशा में जागरूकता फैलाना है। इस साल महिला दिवस की वैश्विक थीम 'एक्सीलरेट एक्शन' रखी गई है, जो महिलाओं के उत्थान के लिए तेज गति से कार्य करने की आवश्यकता को दर्शाती है। संयुक्त राष्ट्र ने 1975 में इस दिवस को औपचारिक मान्यता दी थी।

झारखंड राज्य में झरनों, झीलों, डैम और पार्कों की कोई कमी नहीं है। इन पर्यटन स्थलों का संचालन और देखरेख झारखंड पर्यटन विभाग द्वारा किया जाता है, और आमतौर पर इन जगहों पर प्रवेश के लिए टिकट लिया जाता है। लेकिन इस बार महिला दिवस के अवसर पर सरकार द्वारा महिलाओं के लिए मुफ्त एंट्री की घोषणा को लेकर समाज में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।