डोरंडा में रामनवमी पर भक्ति, परंपरा और सौहार्द का अनुपम संगम

रांची के डोरंडा इलाके ने इस वर्ष रामनवमी के पर्व को अभूतपूर्व भव्यता और गहन श्रद्धा के साथ मनाकर एक नई मिसाल कायम की। श्री महावीर मंडल छप्पन सेट डोरंडा और श्री शिव मंदिर महावीर मंदिर, मिस्कोट मैदान डोरंडा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस पर्व ने आस्था की एक नई गाथा लिख दी। इस अवसर पर सजे हुए भव्य जुलूस, पारंपरिक झांकियां, ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्ति संगीत ने संपूर्ण क्षेत्र को राममय बना दिया। श्रद्धालुओं की अपार भीड़ और उनका उत्साह वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
श्री महावीर मंडल डोरंडा के संरक्षक आलोक कुमार दूबे ने विभिन्न अखाड़ों के प्रमुखों को तलवार, पगड़ी और चुनरी भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही, उन्होंने महिलाओं को भी विशेष सम्मान देकर उनके योगदान को सामाजिक प्रेरणा का स्रोत बताया। इस आयोजन की सफलता में प्रशासन की भूमिका को भी विशेष रूप से सराहा गया। दोनों मंडलों की ओर से झारखंड के मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया गया, जिनके सहयोग और प्रशासनिक सतर्कता से यह पर्व शांति और गरिमा के साथ संपन्न हुआ।

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि रामनवमी अब केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, शक्ति और श्रद्धा का प्रतीक बन चुका है। इस आयोजन को सफल बनाने में कपिलदेव सिंह, गौतम कुमार दूबे, अनिल प्रधान, शंभू गुप्ता, महेंद्र प्रसाद, विशाल सिंह, मेहुल दूबे, अनिकेत कुमार, रितेश सिंह, सुदेश यादव, उदय मिश्रा, अजय कुमार, उमेश बर्मन, शशिकांत झा, मनोज सिंह, रमेश तिवारी, नवनीत कुमार बाबू और अमोल कुमार ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई।