मानसून से पहले अलर्ट मोड में रांची नगर निगम, मच्छरों और जल जमाव से निपटने की तैयारी तेज

रांची नगर निगम ने मानसून के आगमन से पहले ही कमर कस ली है ताकि शहर को जल जमाव और मच्छर जनित रोगों से सुरक्षित रखा जा सके। निगम द्वारा नालियों की सफाई, जल निकासी प्रणाली की मरम्मत और कचरा निपटान को लेकर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
बारिश शुरू होने से पहले ही नगर निगम ने शहर भर में नालियों की सफाई का विशेष अभियान शुरू कर दिया है। जल का बहाव अवरुद्ध न हो, इसके लिए ड्रेनेज लाइनों की नियमित निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही, खुले में पड़े कचरे को समय पर हटाने की व्यवस्था को भी सख्ती से लागू किया जा रहा है ताकि जल जमाव जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।
मच्छर नियंत्रण के लिए नई तकनीक
डेंगू और मलेरिया जैसे बीमारियों की रोकथाम के लिए निगम अब अधिक प्रभावी और पर्यावरण हितैषी कीटनाशकों का उपयोग कर रहा है। इनका छिड़काव ठहरे हुए पानी, नालियों और अन्य संभावित मच्छर-प्रजनन स्थलों पर किया जा रहा है। स्वास्थ्य शाखा की प्रमुख डॉ. किरण कुमारी ने बताया कि नया रसायन पहले की तुलना में अधिक असरदार साबित हो रहा है।

घर-घर जाकर जागरूक करेगा निगम
अगले सप्ताह से रांची नगर निगम, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण विभाग के सहयोग से हिंदपीढ़ी इलाके में घर-घर जाकर जनजागरूकता अभियान शुरू करेगा। इस दौरान निगम की टीम हर घर में जाकर मच्छर के लार्वा की पहचान करेगी और नष्ट करेगी। साथ ही लोगों को सावधानी बरतने के उपाय भी बताएगी।
बारिश के दौरान भी जारी रहेगा अभियान
डॉ. किरण ने बताया कि निगम की यह पहल केवल मानसून पूर्व ही नहीं बल्कि वर्षा ऋतु के दौरान भी जारी रहेगी। फॉगिंग मशीनों के जरिए धुआं छिड़काव, कीटनाशकों का छिड़काव और सफाई अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि मच्छरों के प्रजनन पर रोक लग सके।
नगर निगम ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपने आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें और कहीं भी मच्छर का लार्वा दिखे तो तुरंत निगम को सूचित करें। साफ की गई नालियों में कचरा न डालें और बरसाती पानी के बहाव में बाधा न बनें।