Movie prime

झारखंड के रास्ते गुजर रही टर्फ लाइन, कई जिलों में बारिश के आसार, यलो अलर्ट जारी

मई महीने की तेज गर्मी से इस बार झारखंड के लोग पूरी तरह झुलसते नजर नहीं आ रहे हैं। राज्य में मौसम लगातार करवट ले रहा है। कभी बादल, कभी हल्की बारिश और कभी-कभी तेज धूप—इस बदलते मौसम ने गर्मी की तीव्रता को काफी हद तक कम कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, झारखंड का मौसमी मिजाज फिलहाल सामान्य बना हुआ है।

मौसम विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक झारखंड के लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलती रहेगी। 15 मई को दोपहर बाद राज्य के करीब 15 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ बारिश के चलते मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

आज इन जिलों में बरसेंगे बादल
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि बुधवार को दुमका, साहिबगंज, गोड्डा, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में बारिश होने की संभावना है। वहीं, 16 मई को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर बाकी 20 जिलों में मौसम बिगड़ सकता है। इन जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। गरज-चमक, वज्रपात, तेज हवा और बारिश की संभावना बनी हुई है।

टर्फ लाइन बनी बारिश की वजह
राज्य में मौसम के इस बदलाव के पीछे एक खास वजह है—टर्फ लाइन। मौसम विभाग के मुताबिक यह टर्फ लाइन बिहार से होकर झारखंड के विभिन्न हिस्सों से गुजर रही है, जो राज्य में वर्षा के लिए अनुकूल परिस्थिति बना रही है। 17 और 18 मई को पूरे झारखंड में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलेगी।

12 जिलों में चली लू, रात को भी राहत नहीं
हालांकि बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के 12 जिलों में लू जैसी स्थिति बनी रही। दिन भर तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया, लेकिन शाम को कुछ जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे बहुत अधिक राहत नहीं मिली। पलामू और संथाल परगना क्षेत्रों में पारा 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कोल्हान और उसके आसपास के इलाकों में तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं रांची और मध्य झारखंड के हिस्सों में तापमान 37 से 39 डिग्री के आसपास बना रहा।

राजधानी रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 0.8 डिग्री ज्यादा था। वहीं पलामू में सबसे अधिक तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सिमडेगा में करीब 2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

धूप से बचने की सलाह
तेज धूप और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा है कि बिना जरूरी कारण घर से न निकलें। छाता, टोपी और सूती कपड़े पहनने की अपील की गई है। साथ ही शरीर को हाइड्रेट रखने और नियमित अंतराल पर पानी पीने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।