रांची को मिलेगा पहला एलिवेटेड कॉरिडोर, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी करेंगे उद्घाटन

राजधानी रांची के नागरिकों को जल्द ही जाम की समस्या से राहत मिलने वाली है। शहर के बहुप्रतीक्षित रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन आगामी 19 जून 2025 को किया जाएगा। यह जानकारी केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ ने दी है।
संजय सेठ ने हाल ही में नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की, जिसमें उन्होंने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की प्रगति से अवगत कराया और इसके शुभारंभ की तिथि तय करने का अनुरोध किया। गडकरी ने 19 जून को लोकार्पण कार्यक्रम के लिए अपनी सहमति दे दी है।
यह एलिवेटेड कॉरिडोर झारखंड राज्य का पहला ऐसा निर्माण है, जो विशेष रूप से राजधानी रांची को समर्पित किया गया है। इसके चालू होते ही रातू रोड क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे भारी ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी। इससे न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि नागरिकों का समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

इस मौके पर सांसद संजय सेठ ने कहा, "यह केवल एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि यह रांची की जनता के लिए सुविधा, सम्मान और प्रगति की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उद्घाटन समारोह की तैयारियां जल्द ही आरंभ की जाएंगी।"