Movie prime

झारखंड में मौसम का बदला मिजाज, कहीं बारिश तो कहीं हीटवेव का अलर्ट

 

झारखंड में इन दिनों मौसम का रुख हर जिले में अलग नजर आ रहा है। जहां कुछ इलाकों में बादल बरस रहे हैं, वहीं कुछ जिलों में तेज गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हर दिन राज्य के किसी न किसी हिस्से में मौसम कुछ नया रंग दिखा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मुताबिक 12 मई को राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में तेज गर्जना और बारिश की संभावना है। जिन जिलों में बारिश का अनुमान जताया गया है उनमें रांची, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और इनके आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। इस दौरान वज्रपात की आशंका भी जताई गई है, जिससे सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में लू का असर बना रहेगा
दूसरी ओर राज्य के पूर्वी जिलों – देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह और गोड्डा – में लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों तक तेज हवाओं, आंधी और गरज के साथ कई हिस्सों में मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है। वहीं, आने वाले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि भी दर्ज की जा सकती है।

15 मई से फिर बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग का मानना है कि हीट वेव के इस दौर के बाद फिर से मौसम करवट लेगा। 15 मई से कई हिस्सों में बारिश की संभावना है, जो 17 मई तक रांची समेत विभिन्न इलाकों में रह सकती है। बीते 24 घंटे की बात करें तो रांची के मांडर में सबसे अधिक 12.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सर्वाधिक तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस पाकुड़, गोड्डा और सरायकेला में रिकॉर्ड किया गया।

झारखंड में समय से पहले दस्तक दे सकता है मानसून
इस बार झारखंड में मानसून तय तारीख से पहले दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि केरल में मानसून 27 मई को ही पहुंच सकता है, जो सामान्य तिथि से पहले है। अगर ऐसा होता है, तो झारखंड में भी मानसून 10 जून के बाद कभी भी पहुंच सकता है और 20 जून तक पूरे राज्य को कवर कर सकता है। इस बार राज्य में अच्छी बारिश की उम्मीद जताई जा रही है।