रांची के एफसीआई गोदाम में ठप पड़ी अनाज की सप्लाई, बकाया मजदूरी को लेकर 8 दिन से हड़ताल पर मजदूर

राजधानी रांची स्थित एफसीआई गोदाम में पिछले आठ दिनों से कामकाज पूरी तरह से रुका हुआ है। दरअसल बकाया मजदूरी की मांग को लेकर करीब 250 मजदूर हड़ताल पर चले गए हैं और काम ठप कर दिया है। गोदाम में अनाज का उठाव और वितरण दोनों ठप हैं, जिससे सप्लाई चेन पर सीधा असर पड़ा है।
बदले ठेकेदार, नहीं मिली मेहनत की कीमत
हड़ताली मजदूरों का कहना है कि हर छह महीने में ठेकेदार तो बदल जाते हैं, लेकिन किसी ने भी उनका बकाया भुगतान नहीं किया। अब तक करीब 20 लाख रुपये मजदूरी की राशि लंबित है। उनका आरोप है कि ठेकेदार उनकी मेहनत की कमाई दबा कर बैठे हैं, और बार-बार गुहार लगाने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे में मजदूर अब आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं।

मंत्री इरफान अंसारी करेंगे हस्तक्षेप
मामला राज्य के आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी तक पहुंच चुका है। जानकारी के अनुसार, मंत्री आज दोपहर दो बजे के बाद स्वयं एफसीआई गोदाम पहुंचेंगे और हड़ताली मजदूरों से मिलकर समस्या की जानकारी लेंगे। अब देखना है कि मंत्री के हस्तक्षेप से मजदूरों की मेहनताना मिलने की राह खुलती है या हड़ताल और लंबी खिंचती है।