बदल रहा मौसम का मिजाज, कई राज्यों में मूसलधार बारिश के आसार, कहीं लू तो कहीं ओलावृष्टि की चेतावनी
Updated: May 27, 2025, 12:19 IST

दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरे जोर में है और देश के कई हिस्सों में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो इसकी प्रगति में फिलहाल कोई रुकावट नहीं है। इस दौरान मौसम का मिजाज भी लगातार बदल रहा है। कुछ चुनिंदा क्षेत्रों को छोड़ दें, तो देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश, आंधी और तूफान की स्थिति बनी हुई है।
कहां-कहां बरसेगा पानी?
आगामी 6 से 7 दिनों तक केरल, कर्नाटक, तटीय महाराष्ट्र और गोवा में मूसलाधार बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है। खासकर मुंबई, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों, केरल और तटीय कर्नाटक में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है।
मानसून की स्थिति
दक्षिण-पश्चिम मानसून अब मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के हिस्सों तक पहुंच चुका है। साथ ही यह बंगाल की खाड़ी से होते हुए पूर्वोत्तर राज्यों जैसे मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी दस्तक दे चुका है। फिलहाल इसके और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल बनी हुई हैं।

दक्षिण भारत में हालात
केरल और माहे में मंगलवार और बुधवार को कुछ जगहों पर अत्यधिक बारिश हो सकती है। कर्नाटक के तटीय व आंतरिक क्षेत्रों में भी भारी बारिश के संकेत हैं। आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और तेलंगाना में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश की आशंका है, जबकि तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
पश्चिम भारत का हाल
कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में आज और कल तेज बारिश की संभावना है। इन इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के चलने की चेतावनी भी दी गई है।
पूर्वोत्तर और पूर्व भारत की स्थिति
पूर्वोत्तर भारत के हिस्सों—अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में मंगलवार-बुधवार को अच्छी बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी भारत के राज्यों जैसे ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, विदर्भ और सिक्किम में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मध्य व उत्तर भारत में भी असर
मध्य प्रदेश और बिहार में तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी कुछ स्थानों पर गरज के साथ वर्षा हो सकती है। हिमाचल में मंगलवार और बुधवार को कहीं-कहीं ओले पड़ने की भी संभावना है, जबकि उत्तराखंड व हिमाचल में भारी बारिश हो सकती है।
लू से भी सतर्क रहें
जहां एक ओर मानसून राहत दे रहा है, वहीं पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में गर्म लू चलने के संकेत हैं, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।