Movie prime

अशोक चौधरी से मिले अनंत सिंह, पक्षी के साथ खेलते हुए दिखाई दिए, बोले- नीतीश कुमार जैसा कोई नहीं

 

मोकामा विधानसभा के पूर्व विधायक अनंत सिंह अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। अनंत सिंह अपने आवास से एके 47 बरामदगी मामले में सजायाफ्ता हैं लेकिन अभी वह बीमार होने की वजह से इलाज करवाने के लिए 15 दिनों की पैरोल पर जेल से बाहर हैं। अनंत सिंह बुधवार को राजधानी पटना में स्थित मंत्री अशोक चौधरी के आवास पर मुलाकात करने के लिए पहुंचे।

अशोक चौधरी के आवास से अनंत सिंह का एक वीडियो सामने आया है. जिसमें अनंत सिंह पक्षियों के साथ खेल रहे हैं। अशोक चौधरी के आवास पर अनंत सिंह एक सोफे पर बैठे हैं और उनके हाथ पर एक विदेशी तोता बैठा हुआ है। वहीं पास में मंत्री अशोक चौधरी भी हैं और दोनों हसते हुए आपस में बातचीत कर रहे हैं। पक्षी अनंत सिंह के हाथ पर बैठा है जिसे बाद में फिर मंत्री अशोक चौधरी अपने हाथ पर बैठा लेते हैं।

बता दें कि जब से अनंत सिंह पैरोल पर जेल से बाहर आए हैं तभी से वो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ के कसीदे पढ़ रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर कहा कि ना तो नीतीश कुमार जैसा कोई मुख्यमंत्री बना है और ना ही आगे बनेगा। नीतीश कुमार की तारीफ करते वो नहीं थक रहे हैं। उनका कहना है कि नीतीश कुमार की तरह ना तो कोई मुख्यमंत्री बिहार में पैदा हुआ है और ना ही कभी पैदा होगा। 

अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार शुरू से ही जनता के दीवाने थे वे जनता की सेवा में दिन रात लगे रहते थे और भी बिहार के लोगों की सेवा में लगे हैं। उनके जैसा बिहार में विकास कार्य किसी ने नहीं किया। अनंत सिंह ने मीडिया से कहा कि आपने लालू यादव का शासन नहीं देखा है तब दिल्ली में नौकरी करने वालों के परिजनों को उठा लिया जाता था।


आपको बता दें कि अनंत सिंह पहले से ही पशु पक्षियों से प्यार करते हैं और वे सबसे अधिक घोड़े के शौक़ीन हैं। वे सोनपुर में आयोजित पशु मेला में अपने घोड़े, गाय भैंस और हाथी के साथ पहले भी कई बार शिविर लगा चुके हैं जो कि लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहता था। अब एक बार फिर से उनका पशु पक्षी का प्रेम सामने आया है जिसमें अनंत सिंह एक पक्षी के साथ खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं।