Movie prime

कांग्रेस की डरपोक सरकार दुनिया में जाकर रोती थी : नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झारखंड दौरे का आज दूसरा दिन है। प्रधानमंत्री आज पलामू में जनसभा को सम्बोधित कर रहे हैं। पीएम ने भीड़ देखकर कहा कि आप लोगों ने JMM- कांग्रेस को दिन में तारे दिखा दिए। पीएम मोदी ने लोगों को वोट की ताकत बताई। उन्होंने कहा कि आपके एक वोट से आज राम मंदिर बना। जम्मू-कश्मीर में आपके एक वोट से 370 हट गई।

पीएम ने कहा कि मां भारती का अपमान नहीं सहेंगे। ये नया भारत है, घर में घुसकर मारता है। भारत ने पाकिस्तान को हिलाकर रख दिया था। पहले कोई समय ऐसा नहीं होता था कि देश की सेवा करते-करते नौजवान सीमा पर शहीद ना होते हों। पहले ये हर महीने चलता था। आज ये सब बंद हो चुका है। ये आपके एक वोट ने किया है।

पीएम ने कहा कि आपके आशीर्वाद से मोदी पर 25 साल में एक पैसे का भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। मोदी मौज नहीं मिशन के लिए पैदा हुआ है। कांग्रेस की डरपोक सरकार दुनिया में जाकर रोती थी। आज पाकिस्तान दुनियाभर में जा-जाकर रोता है। आज पाकिस्तान के नेता कांग्रेस को पीएम बनाने के लिए दुआ कर रहे हैं। मजबूत भारत आज मजबूत सरकार ही चाहता है।

इस सीट से सांसद बीडी राम प्रत्याशी हैं। पीएम दो दिनों के झारखंड दौरे पर हैं। आज दूसरे दिन पलामू के बाद गुमला के सिसई में उनकी सभा है। जहां लोहरदगा सीट से बीजेपी के प्रत्याशी समीर उरांव मैदान में हैं। वहीं कल पीएम ने चाईबासा में सभा की थी, जहां इंडी गठबंधन को निशाने पर लिया। उसके बाद रांची में बीजेपी प्रत्याशी और सांसद संजय सेठ के पक्ष में उनका रोड शो भी हुआ था।

पलामू में पीएम की सभा में नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी, विधायक शशिभूषण मेहता, विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी, सांसद और भाजपा प्रत्याशी विष्णु दयाल राम, विधायक भानु प्रताप शाही, विधायक आलोक चौरसिया, विधायक कमलेश सिंह, विधायक पुष्पा देवी मौजूद हैं। पीएम के दौरे को लेकर पलामू पुलिस हाई अलर्ट पर है।