अध्यक्ष पद से सम्राट को हटाए जाने से BJP के पूर्व विधायक गदगद, बोले- आज पार्टी ने न्याय किया
बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की जगह पर नीतीश कुमार की सरकार में राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉक्टर दिलीप जायसवाल को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का बिहार प्रदेश अध्यक्ष बनाने से भाजपा के पूर्व सांसद हरि मांझी गदगद हैं। हरि मांझी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर ट्वीट किया है कि पार्टी ने आज न्याय किया है। लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद से ही हरि मांझी लगातार सम्राट चौधरी पर हमला बोल रहे थे। हरि मांझी ने एनडीए को कुशवाहा वोट के नुकसान पर सम्राट को लेकर कहा था कि हेलिकॉप्टर से घूमने वाले लोग अपनी जाति का वोट नहीं दिला पाए, वो कैसे नेता।
आरजेडी और जेडीयू होते हुए भाजपा में आए सम्राट को लेकर मांझी ने ये भी कहा था कि वो कोई दस पार्टी घूम के भाजपा में नहीं आए है, भाजपा में रहे है और रहेंगे और इसी पार्टी में मरेंगे भी। दिलीप जायसवाल की नियुक्ति पर हरि मांझी ने बिना नाम लिए सम्राट पर निशाना साधा था और कहा कि दिलीप जायसवाल बिहार बीजेपी को नया आयाम देंगे। जो भाजपा के शुरू से साथ है, वही भाजपा की जात है। मांझी ने शुक्रवार सुबह 18 मार्च के एक ट्वीट को डिलीट करने की घोषणा करते हुए लिखा- "आज हमारी पार्टी भाजपा, जो मेरे लिए मेरी मां जैसी है, उसने आज न्याय किया है। अब मैं ये पोस्ट हटा रहा हूं।"
मांझी ने उस पोस्ट में सम्राट चौधरी और भाजपा के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े की खुली शिकायत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को टैग कर लिखा था कि चौधरी और तावड़े मिलने का समय नहीं दे रहे हैं।
मांझी ने बताया था कि उन्होंने जब पीएम को मेल किया तो फौरन जवाब और फोन आया। जेपी नड्डा और राजनाथ सिंह ने मांगने पर मिलने का समय दे दिया। लेकिन सम्राट चौधरी ने ना उनका फोन उठाया और ना मिलने का समय दिया। तावड़े पर भी उन्होंने यही आरोप लगाया था।