Movie prime

खूंटी : केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा आज भरेंगे नामांकन, कांग्रेस से कालीचरण मुंडा भी भरेंगे पर्चा

केंद्रीय मंत्री और खूंटी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा आज नामांकन दाखिल करेंगे। इसके अलावा आज खूंटी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कालीचरण मुंडा भी अपना पर्चा भरेंगे। इस बाबत दोनों पार्टियों द्वारा तैयारियां की जा चुकी हैं। एक तरफ जहां केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के नामांकन प्रक्रिया के दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद रहेंगे, वहीं दूसरी तरफ कालीचरण मुंडा के नामांकन के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन उपस्थित रहेंगे। बताते चलें कि खूंटी में आज भाजपा का रोड शो भी होगा। 

नामांकन से पहले अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- आज खूंटी लोकसभा से मैं अपना नामांकन पत्र दाखिल करूंगा। खूंटी लोकसभा के समस्त परिवारजनों से अनुरोध है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मुझे आशीर्वाद दें।

​​​अर्जुन​​​​ मुंडा के नॉमिनेशन में शामिल होंगे रक्षा मंत्री
भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा कर्रा के सोनमेर मंदिर जाएंगे, जहां पूजा-अर्चना के बाद वे आम्रेश्वर धाम जाएंगे। वहां भी पूजा-अर्चना करने के बाद अर्जुन मुंडा अपने नामांकन के लिए निकलेंगे। अर्जुन मुंडा सुबह समाहरणालय में अपना नामांकन दर्ज करेंगे। अर्जुन मुंडा नॉमिनेशन करने के बाद रोड शो करेंगे। पतरा मैदान में सभा का आयोजन किया गया है। अर्जुन मुंडा के नॉमिनेशन के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, सुदेश महतो सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। पतरा मैदान में नेता जनता को संबोधित कर सकते हैं।

कालीचरण के नामांकन में सीएम होंगे साथ
कांग्रेस के प्रत्याशी कालीचरण मुंडा भी आज ही नॉमिनेशन फाइल करेंगे। स्थानीय को-ऑपरेटिव मैदान में दोपहर 12ः30 बजे जनसभा होगी। यहां से समाहरणालय तक रोड शो होना है। कालीचरण मुंडा लगभग दो बजे अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी मीर गुलाम अहमद, मंत्री रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, प्रदेष अध्यक्ष राजेश ठाकुर, बंधु तिर्की सहित तमाड़, सिमडेगा और कोलेबिरा के विधायक सहित कई लोग इस दौरान शामिल रहेंगे।