Movie prime

मोदी कैबिनेट में झारखंड के इन मंत्रियों को मिल सकती है जगह, जानें

लोकसभा चुनाव 2024 ख़त्म हो गया है। 4 जून को नतीजे भी सामने आ गये हैं। ऐसे में परिणाम आने के बाद से ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बैठकों का दौर जारी है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन ने कल यानी 7 जून को दिल्ली में संसदीय दल की बैठक बुलायी है। वहीं दूसरी तरफ झारखंड की राजधानी रांची के हरमू स्थित भाजपा कार्यालय में प्रदेश भाजपा ने भी बैठक बुलायी थी। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में लोकसभा चुनाव 2024 में हार-जीत पर विचार विमर्श किया गया। दरअसल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की खूंटी लोकसभा क्षेत्र से हार के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि झारखंड से केंद्रीय कैबिनेट में किसको जगह मिलेगी।  

इन नामों की है चर्चा 
भाजपा ने लोकसभा चुनाव में 14 में से 8 सीट व NDA के सहयोगी दल AJSU ने एक सीट पर जीत हासिल की है। ऐसे में कयास लगाये जा रहे हैं कि झारखंड में सबसे बड़े अंतर से जीत हासिल करने वाली कोडरमा से नवनिर्वाचित सांसद अन्नपूर्णा देवी को केंद्रीय मंत्री का पद मिल सकता है। वहीं पलामू से सांसद बीडी राम, जमशेदपुर से सांसद बिद्युत बरन महतो के नाम पर भी चर्चा चल रही है। इसके अलावा आजसू कोटे से सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी को भी मोदी कैबिनेट में जगह मिल सकती है।