Movie prime

आईपीएल 2025: झारखंड के चार सितारे मैदान में, ईशान किशन बने सबसे महंगे खिलाड़ी

आईपीएल 2025 का 18वां संस्करण 22 मार्च से भव्य अंदाज में शुरू होने जा रहा है। इस सीजन की पहली भिड़ंत कोलकाता के ऐतिहासिक ईडेन गार्डन्स स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच होगी। इस बार आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी को छोड़कर झारखंड के केवल चार खिलाड़ी ही मैदान पर खेलते नजर आएंगे।

पिछले साल 24 और 25 नवंबर को सऊदी अरब के जेद्दा में हुए ‘आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन’ में झारखंड के कुल आठ खिलाड़ियों पर बोली लगी थी। इनमें ईशान किशन, विराट सिंह, कुमार कुशाग्र, रॉबिन मिंज, अनुकूल रॉय, उत्कर्ष सिंह, सुशांत मिश्रा और रवि यादव शामिल थे। हालांकि, फ्रेंचाइजी टीमों ने इनमें से केवल चार खिलाड़ियों को अपने स्क्वाड में शामिल किया।

इस बार झारखंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को सनराइजर्स हैदराबाद ने 11.25 करोड़ रुपये की भारी कीमत में खरीदा, जिससे वह झारखंड के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। वहीं, रांची के युवा क्रिकेटर रॉबिन मिंज को मुंबई इंडियंस और जमशेदपुर के प्रतिभाशाली कुमार कुशाग्र को गुजरात टाइटंस ने 65-65 लाख रुपये में खरीदा है। इसके अलावा, ऑलराउंडर अनुकूल रॉय को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 40 लाख रुपये की बोली लगाकर अपने साथ जोड़ा है।