Movie prime

बिहार की टॉप खबरें एक क्लिक में-

 

पहली खबर- बॉलीवुड सितारों के खिलाफ ईडी में शिकायतें लगातार मिल रही हैं। वहीं अब इन शिकायतों में एक और बॉलीवुड अभिनेता का नाम जुड़ गया है। आपको बता दें कि हम यहां बात कर रहे हैं बॉलीवुड में शॉटगन के नाम से मशहूर शत्रुघ्‍न स‍िन्‍हा की। दरअसल, बॉलीवुड फिल्म स्टार शत्रुघ्न सिन्हा, पत्नी पूनम सिन्हा और उनके बेटे कुश के खिलाफ एक जमीन के मामले में ईडी में शिकायत दर्ज की गई है।

दूसरी खबर- बिहार के मोतिहारी से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 'समाज सुधार अभियान' की शुरुआत की। मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने इस दौरान अपने संबोधन में शराबबंदी, बालविवाह, दहेज प्रथा जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। हालांकि, मुख्यमंत्री के इस अभियान को लेकर विपक्षी हमलावर है। 

तीसरी खबर- बिहार में अब तक तो ओमिक्रोन के मामले नहीं आए हैं। लेकिन कोविड संक्रमण की रफ्तार बढ़ने लगी है। बीते दिनों सूबे में कोरोना के रोज मिलने वाले मरीजों की संख्या जहां दस से कम थी, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़ने लगा है। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना 17 नए मरीज मिले हैं। 

चौथी खबर- उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव पर बिहार की राजनीतिक पार्टियों की भी नजर है। जहां एक ओर जदयू भाजपा के साथ साठगांठ कर के यूपी में चुनाव लड़ने के फिराक में है। वहीं आज सुबह से यह खबर चर्चा में है कि चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में अकेले सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। 

पांचवी खबर- बिहार के सभी आईपीएस अधिकारियों को अब अपने संपत्ति का ब्यौरा देना होगा। बिहार सरकार के गृह विभाग के आरक्षी शाखा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आईपीएस अधिकारियों को केंद्र सरकार के नियम के तहत 31 जनवरी तक अपने वार्षिक चल संपत्तियों का ब्यौरा देने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए गृह विभाग की ओर से राज्य के डीजीपी को संजीव कुमार सिंघल को पत्र लिखा गया है।
छठ्ठी खबर- लड़कियों की शादी की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 करने के मामले में सियासत गरमाई हुई है। जहां एक ओर खुद मुख्यमंत्री 'समाज सुधार अभियान' में महिला केंद्रित मुद्दों को उठा रहे हैं, दहेज प्रथा, बाल विवाह और शराबबंदी जैसे मुद्दे पर बोल रहे हैं। वहीं दूसरी ओर जदयू के एक नेता को यह कानून कुछ खास समझ नहीं आ रहा है।

सातवीं खबर- बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज अपनी पत्नी के साथ दिल्ली पहुंचे। वहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह पर जुबानी हमला किया है। मालूम हो कि इससे पहले ललन सिंह ने तेजस्वी यादव को लेकर कड़ी टिपण्णी की थी।