Movie prime

लैंडिंग से ठीक पहले इंडिगो फ्लाइट से टकराया पक्षी, बाल-बाल बचे यात्री

पटना से रांची आ रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट उस वक्त बड़ी दुर्घटना से बच गई, जब लैंडिंग की प्रक्रिया के दौरान एक बड़ा पक्षी—संभवत: चील या बाज—विमान के नोज कोन से टकरा गया। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान के आगे के हिस्से पर खून के छींटे दिखाई देने लगे।
टक्कर होते ही पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत लैंडिंग टाल दी और विमान को हवा में बनाए रखते हुए हर दिशा से संभावित नुकसान की जांच की। पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही पायलट ने रांची एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई।
विमान को जांच के लिए किया गया ग्राउंडेड
इंडिगो प्रबंधन के अनुसार, टक्कर के बाद एहतियात के तौर पर विमान को ग्राउंडेड कर दिया गया है। फिलहाल इंजीनियरिंग टीम इसकी गहन जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, यह फ्लाइट पटना से सुबह 11:05 पर रवाना हुई थी और 11:55 पर रांची पहुंचनी थी, लेकिन बर्ड हिट के चलते लैंडिंग में देरी हुई।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक प्रबंध
खुशकिस्मती रही कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, यह नहीं बताया गया कि कुल कितने यात्री विमान में सवार थे। इस विमान को रांची से कोलकाता के लिए रवाना होना था, लेकिन ग्राउंडेड होने के कारण कुछ यात्रियों को अन्य फ्लाइट्स से भेजा गया, जबकि बाकी यात्रियों की यात्रा के लिए 3 और 4 जून की व्यवस्था की गई है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
गौरतलब है कि 21 मई को दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक फ्लाइट अमृतसर के पास खराब मौसम के कारण भारी टर्बुलेंस में फंस गई थी। तब पायलट ने लाहौर एटीसी से पाकिस्तान के एयरस्पेस में प्रवेश की अनुमति मांगी थी, जो नहीं मिली। नतीजतन विमान को उसी रूट से आगे बढ़ाया गया, और टर्बुलेंस के कारण विमान के नोज को भी नुकसान हुआ था। उस घटना में भी पायलट ने सूझबूझ से विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई थी।