भाजपा में शामिल मंडल मुर्मू को मिली 'एक्स' कैटेगरी सुरक्षा, सिर काटने पर इनाम का चैट हुआ था वायरल

बरहेट से झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के उम्मीदवार और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पूर्व प्रस्तावक मंडल मुर्मू को अब 'एक्स' श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उन्हें यह सुरक्षा दी है। छह दिन पहले भाजपा में शामिल होने के बाद मंडल मुर्मू के खिलाफ एक व्हाट्सएप चैट वायरल हुआ था, जिसमें उनके सिर काटने पर 50 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस चौंकाने वाले संदेश को पूर्व सीएम चंपाई सोरेन ने अपने एक्स अकाउंट पर साझा किया था और मुर्मू के परिवार को सुरक्षा देने की मांग की थी।
यह संदेश 'सेल्स एंड सर्विस' नामक एक व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल हुआ था, जिसमें लिखा था कि मंडल मुर्मू का सिर काटने वाले को सिद्धो-कान्हू वायसी समिति की ओर से 50 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। इस संदेश के वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आ गया और दुमका की मुफस्सिल थाना पुलिस ने जांच-पड़ताल की। पुलिस ने चांदडीह गांव के निवासी साहुल हांसदा को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

चंपाई सोरेन ने इस मामले पर अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि ऐसी धमकियां राजनीति का निम्नतम स्तर दिखाती हैं और इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने झारखंड पुलिस और साहिबगंज पुलिस को टैग करते हुए इन आपराधिक मानसिकता वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि हेमंत सोरेन के पूर्व प्रस्तावक रहे मंडल मुर्मू ने हाल ही में भाजपा का दामन थामा है। देवघर में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री और पार्टी के प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा, झारखंड भाजपा के संगठन प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत बाजपेयी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ रविंद्र राय, गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे और अन्य नेताओं की उपस्थिति में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।