Movie prime

झारखंड बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2025: कुछ स्कूलों ने रचा इतिहास, तो कुछ की नाकामी ने खड़े किए गंभीर सवाल

झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा 2025 के परिणाम सामने आने के बाद राज्य की शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं उठी हैं। जहां एक ओर कई स्कूलों ने शत-प्रतिशत सफलता दर हासिल कर उदाहरण पेश किया है, वहीं दूसरी ओर 7 स्कूल ऐसे भी हैं, जहां एक भी छात्र परीक्षा में उत्तीर्ण नहीं हो सका। इसके अलावा, 54 स्कूलों में केवल आधे ही छात्र सफल हुए हैं, जो कि शिक्षा की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लगाते हैं।

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिन स्कूलों का प्रदर्शन बेहद खराब रहा, उनमें शिक्षकों की कोई कमी नहीं है। उदाहरण के तौर पर देवघर जिले का आर मित्रा हाई स्कूल, जहां 33 शिक्षक कार्यरत हैं, वहां परीक्षा में सम्मिलित सभी 8 विद्यार्थी फेल हो गए।

राज्य के शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सभी जिलों के उपायुक्तों (DC) को निर्देशित किया है कि वे ऐसे स्कूलों के खिलाफ सख्त कदम उठाएं। उन्होंने संबंधित 61 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से जवाब-तलब करने, तबादले या अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। साथ ही 19 जून तक स्कूलों का भौतिक निरीक्षण कर रिपोर्ट ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया है।

जानकारियों के अनुसार, इस वर्ष पश्चिमी सिंहभूम जिले में परीक्षा परिणाम में सबसे अधिक 6% की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, राज्य के 10 ऐसे जिले हैं जहां परिणाम राज्य की औसत सफलता दर से भी कम रहा। इनमें रांची, खूंटी, गुमला, गढ़वा, रामगढ़, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। हालांकि राज्य स्तर पर सफलता दर में 1.3% की वृद्धि देखी गई है।

दूसरी ओर, राज्य में ऐसे भी 51 स्कूल हैं, जहां सभी विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की है। इनमें से 24 स्कूलों ने पिछले वर्ष भी शत-प्रतिशत परिणाम दिए थे। इस वर्ष कुल 777 स्कूलों ने 100% पास रिजल्ट हासिल किया है। इन उत्कृष्ट स्कूलों के शिक्षकों को राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

सभी छात्र फेल होने वाले स्कूलों की सूची:

  • मॉडल स्कूल, पालजोरी, गुमला
  • उत्क्रमित हाई स्कूल, शिकारीपाड़ा, दुमका
  • आर मित्रा हाई स्कूल, देवघर
  • मिथिला हाई स्कूल, सोनारी, पूर्वी सिंहभूम
  • गवर्नमेंट हाई स्कूल, बिरसा नगर, पूर्वी सिंहभूम
  • माइकल जान गर्ल्स हाई स्कूल, गोलमुरी, पूर्वी सिंहभूम
  • उत्क्रमित हाई स्कूल, सोनगरा, पश्चिमी सिंहभूम