Movie prime

झारखंड के पर्यटन को मिलेगी डिजिटल रफ्तार, मेक माय ट्रिप करेगा प्रमोट

झारखंड सरकार ने राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों को डिजिटल रूप से प्रमोट करने का फैसला किया है। इसके तहत मेक माय ट्रिप के सहयोग से झारखंड पर्यटन विकास निगम (JTDCL) के होटलों की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए जल्द ही एक कार्य योजना तैयार की जाएगी, जिससे होटलों की बुकिंग उनकी वेबसाइट और मोबाइल एप पर सुगम हो सके।

दिल्ली में पर्यटन, कला-संस्कृति एवं खेलकूद मंत्री सुदिव्य कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस निर्णय पर सहमति बनी। मंत्री ने कहा कि झारखंड की जनजातीय संस्कृति, परंपराएं, कला और शिल्प को पर्यटन के माध्यम से बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने झारखंड में माइनिंग पर्यटन विकसित करने पर विशेष जोर दिया, जिससे राज्य की ऐतिहासिक खदानों और खनन उद्योगों को पर्यटन के रूप में प्रस्तुत किया जा सके।

पर्यटकों के लिए विशेष टूर पैकेज बनाए जाएंगे, जिनमें उन्हें झारखंड की खदानों और खनन उद्योगों की समृद्ध विरासत से परिचित कराया जाएगा। सरकार का यह कदम राज्य के पर्यटन उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।